पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्वास्थ्य जांच शिविर, 100 से अधिक पुलिसकर्मियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम ने दी स्वस्थ जीवनशैली और बीमारियों से बचाव की जानकारी
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 18 अगस्त 2026 को जिला केसीजी पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर के दौरान डॉक्टर नवीन जैन गायत्री साहू एवं निखिलेश बोरकर की टीम ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे 100 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न पहलुओं की जांच करते हुए पुलिसकर्मियों को शरीर को स्वस्थ एवं सक्रिय रखने के आवश्यक उपायों की जानकारी दी। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दैनिक जीवन में स्वस्थ आदतों को अपनाने खान-पान में सावधानी बरतने तथा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक वस्तुओं से दूरी बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक सुझाव दिए। साथ ही विभिन्न बीमारियों से बचाव और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के महत्व से पुलिसकर्मियों को अवगत कराया गया है। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न थाना एवं पुलिस इकाइयों के स्टाफ के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य जांच शिविर के माध्यम से पुलिसकर्मियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

