
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पीएमश्री योजना अंतर्गत केन्द्रीय विद्यालय खैरागढ़ में माध्यमिक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न समसामयिक एवं शिक्षाप्रद विषयों पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं की वीणा धुर्वे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया वहीं कक्षा 9वीं की मान्यता साहू ने द्वितीय तथा नेहा वर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य अंजय कुमार ने की। प्रतियोगिता के विषय राष्ट्रीय शिक्षा नीति तथा पीएमश्री योजना से जुड़े शिक्षण एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित रहा। विद्यार्थियों ने परीक्षा से पूर्व मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिये लक्ष्य निर्धारण समय प्रबंधन परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण, असफलता के भय से मुक्ति, सोशल मीडिया से दूरी, आत्ममूल्यांकन तथा तनावमुक्त तैयारी जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य अंजय कुमार ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में संदेश निनावे, अम्बरीष शुक्ल और प्रशांत घोंगड़े ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन सुदीप आर्य ने किया एवं कार्यक्रम का समन्वय सीएलए समन्वयक डॉ. योगेंद्र पांडेय ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों का सहयोग रहा।