Uncategorized

निर्वाचन संबंधी निर्देशों की अवहेलना पर दो कर्मचारियों का वेतन रोका

खैरागढ़। निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण निर्देशों का पालन नहीं करने और निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला भण्डारपुर के दो कर्मचारियों का नवंबर 2026 का वेतन रोकने का आदेश जारी किया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 21 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार आगामी नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों के तहत जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों से अधीनस्थ कार्यालयों और स्कूलों में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी के माध्यम से मांगी गई थी। इसके लिए 13 नवंबर को पत्र जारी कर समय-सीमा में जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे।आदेश में उल्लेख है कि निर्देशों के बावजूद निर्धारित समय तक संबंधित जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराई गई। इसे निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध कार्य में लापरवाही और उच्च कार्यालय के निर्देशों की अवहेलना मानते हुए कार्रवाई की गई है। इस मामले में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के उल्लंघन का उल्लेख करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त मौखिक निर्देशों के पालन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला भण्डारपुर के प्राचार्य अनुगुदास चवेल एवं सहायक ग्रेड-02 पुरुषोत्तम भट्ट का नवंबर माह का वेतन रोकने का आदेश जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन), जिला कोषालय अधिकारी तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेजी गई है।निर्वाचन संबंधी तैयारियों में समय पर जानकारी उपलब्ध कराना अनिवार्य है। ऐसे में विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई को निर्वाचन कार्यों में लापरवाही के प्रति प्रशासन की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page