KCGअपराध

घर का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश, अंदर घुसा आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज गंडई। कोपेभाठा गोडवाना मैदान में 12 सितंबर की रात झांकी कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान एक परिवार घर में ताला लगाकर कार्यक्रम देखने गया था। रात करीब 11:30 बजे बारिश के कारण परिवार जब वापस लौटा तो घर के बाहर का सांकल और ताला टूटा हुआ मिला। अंदर से दरवाजा बंद था और खिड़की तोड़ने की आवाज आ रही थी। परिवार ने तत्काल अपने देवर अशोक पटेल और पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही गंडई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया तो एक युवक चोरी की नीयत से घर के भीतर मौजूद मिला। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी की पहचान शब्बू उर्फ अब्बास खान पिता लतीफ खान, उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 03, पंडरिया गंडई के रूप में हुई। मामले में थाना गंडई पुलिस ने अपराध क्रमांक 289/2026 के तहत धारा 331(4) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता पाए जाने पर 13 सितंबर को दोपहर 2:10 बजे उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। अपराध गैर-जमानती होने के कारण पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया है। थाना गंडई पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले ही आरोपी को पकड़ लिया गया है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page