KCG

नशे के खिलाफ युवाओं की एकजुटता ही विकसित भारत का आधार- विक्रांत

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय के भव्य ऑडिटोरियम में शनिवार को “विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा” विषय पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने कहा कि जब तक युवा पीढ़ी नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर नहीं रहेगी, तब तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार नहीं हो सकता। उन्होंने कला, साहित्य और संवाद को जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बताते हुए युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे सकारात्मक आयोजनों से युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना मजबूत होती है। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा एवं डॉ.शैलेन्द्र त्रिपाठी उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।
प्रतियोगिता में जिलेभर से आए प्रतिभागियों ने नृत्य, संगीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद, नारा लेखन, रील मेकिंग और स्लैम कविता जैसी विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से नुक्कड़ नाटक, पोस्टर और स्लैम कविता के माध्यम से युवाओं ने नशे के सामाजिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर अतिथियों ने परिसर में लगाए गए नशामुक्ति जागरूकता स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा प्रदर्शित मॉडल और सामग्री की सराहना की। कार्यक्रम में समाजसेवी गोरेलाल वर्मा स्थानीय जनप्रतिनिधि, विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page