
शिक्षक दिवस पर लोकभवन में राज्यपाल रमेन डेका ने किया सम्मानित, स्मार्ट क्लास और गतिविधि आधारित शिक्षण से बच्चों के विकास में दे रहीं योगदान
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शासकीय प्राथमिक शाला संडी खैरागढ़ की प्रधान पाठक पद्मा घम्मन साहू को शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार समर्पण और उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को लोकभवन छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। पद्मा साहू ने शिक्षण को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया है। उनके द्वारा स्मार्ट क्लास खेल-खेल में गतिविधि आधारित शिक्षण जादुई पिटारा मुस्कान पुस्तकालय स्वनिर्मित टीएलएम तथा स्वरचित कविता कहानियों के माध्यम से पढ़ाई को रोचक और प्रभावी बनाया जा रहा है। उनके प्रयासों से विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के साथ विद्यालय में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण विकसित हुआ है। वे पिछले पांच वर्षों से एससीईआरटी के माध्यम से पाठ्यक्रम लेखन एवं अनुवाद कार्य में भी सहयोग कर रही हैं। इस वर्ष कक्षा एक और दो की हिंदी पाठ्यपुस्तक में अनुवादक-लेखक के रूप में उनका नाम प्रकाशित हुआ है। जरूरतमंद विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने और विद्यालय में 100 प्रतिशत कक्षा दक्षता की दिशा में भी उनके प्रयास जारी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल के. पी. साव, विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलम राजपूत, बीआरसी सुजीत चौहान, समन्वयक प्रयाग सिंह सहित शाला परिवार शिक्षक समुदाय पालकों जनप्रतिनिधियों और परिवारजनों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।