KCG

नगर में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया ईद मिलादुन्नबी का पर्व

सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। पैगंबर हजरत मुहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु तआला अलैहि वसल्लम की पैदाइश के पाक मौके पर नगर में ईद मिलादुन्नबी का पर्व धार्मिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जामा मस्जिद से भव्य जुलूस निकाला गया जिसमें बच्चों बुजुर्गों और मुस्लिम समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। जुलूस नगर के तिरंगा चौक कोपेभांटा सहित विभिन्न प्रमुख मोहल्लों से होकर गुजरा। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। जुलूस में शामिल लोगों ने नारा-ए-तकबीर ‘अल्लाहु अकबर’ और नारा-ए-रिसालत ‘या रसूल अल्लाह’ के नारे लगाए। वहीं नातख्वानों ने मधुर आवाज में नात पेश कर माहौल को खुशनुमा बना दिया।

तिरंगा चौक में जामा मस्जिद के पेश इमाम ने पैगंबर हजरत मुहम्मद के जीवन और उनके संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हजरत मुहम्मद दुनिया में शांति और मानवता का संदेश लेकर आए। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों के साथ सद्भावना का व्यवहार किया और जरूरतमंदों व गरीबों की मदद को हमेशा प्राथमिकता दी। उन्होंने समाज में प्रेम, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। विभिन्न मोहल्लों से होते हुए जुलूस वापस जामा मस्जिद पहुंचा जहां इसका समापन हुआ। यहां पेश इमाम ने मुल्क और मिल्लत की खुशहाली आपसी भाईचारे अमन-चैन और तरक्की के लिए विशेष दुआ कराई। इसके बाद इमाम ने परचम कुशाई की रस्म अदा की। कार्यक्रम में जामा मस्जिद के सदर एवं पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष जावेद खान, अय्यूब कुरैशी, कलीम खान, यासीन नियाजी, शकील नियाजी, यूसुफ खान, जाहिद खान, यावर नियाजी, मुशरान कुरैशी, असीर खान, परवेज मेमन सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में परवेज खान, मोइन खान, वारिस अली, यशब खान सहित अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page