Uncategorized

धान खरीदी की तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा, नवीन समितियों के केंद्रों का किया निरीक्षण

खैरागढ़। आगामी 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी को लेकर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने भुलाटोला एवं कुम्ही की नवीन सहकारी समितियों के धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को खरीदी प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक पंजीयक, सहकारी संस्थाएं भी उपस्थित रहे।कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए स्वच्छ पेयजल, बैठने एवं छाया की व्यवस्था, साफ-सफाई तथा वाहनों के सुचारु आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने टोकन के अनुसार धान खरीदी करने के निर्देश दिए ताकि किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों का सत्यापन कराने, आर्द्रतामापी यंत्रों को चालू रखने, पर्याप्त बारदाने उपलब्ध कराने तथा कम्प्यूटर, इंटरनेट एवं बायोमेट्रिक उपकरणों की पूर्व जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही धान की गुणवत्ता एवं नमी का निर्धारित मापदंडों के अनुसार परीक्षण करने पर जोर दिया। धान के सुरक्षित भंडारण के लिए चबूतरे, डनेज, तिरपाल एवं कैप कवर की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा जल निकासी सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने स्टेक प्लान एवं स्टेक रजिस्टर तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि बोरों का व्यवस्थित स्टेक बनाया जाए जिससे उनकी संख्या की आसानी से गणना हो सके। साथ ही दैनिक खरीदी एवं स्टॉक का सही रिकॉर्ड रखने और धान का समय पर उठाव सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय बनाए रखने को कहा।कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को आवंटित धान खरीदी केंद्रों का अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध धान की आवक एवं खरीदी में अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए सतत निगरानी रखने तथा किसी भी गड़बड़ी की सूचना तत्काल देने को कहा। इसके अलावा उन्होंने कृषक उन्नति योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों को योजना की जानकारी उपलब्ध कराने, उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर खरीदी केंद्रों में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page