
खुड़मुड़ी और अतरिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों का लिया जायजा, हितग्राहियों से किया सीधा संवाद
खैरागढ़. प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र परिवारों को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद पंचायत छुईखदान की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती केश्वरी देवांगन ने 08 अक्टूबर को ग्राम पंचायत खुड़मुड़ी एवं अतरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आवास निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों की समीक्षा करते हुए सीईओ ने संबंधित पंचायत अमले को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित आवासों को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आवासों की नियमित मॉनिटरिंग करने और हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।श्रीमती देवांगन ने कहा कि मैदानी निरीक्षण का उद्देश्य योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन करना, हितग्राहियों की समस्याओं को समझना तथा लंबित कार्यों को गति देकर पात्र परिवारों को समय पर आवास उपलब्ध कराना है।निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।