KCG

नकटी के 85 परिवारों के पुनर्वास की मांग, विधायक यशोदा वर्मा ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। रायपुर जिले के नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक आवास कॉलोनी के लिए किए गए ध्वस्तीकरण को लेकर खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र भेजकर प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा की मांग की है। उन्होंने कार्रवाई पर रोक लगाने प्रभावित लोगों के पुनर्वास और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। पत्र में विधायक ने कहा है कि कॉलोनी निर्माण की प्रक्रिया के दौरान करीब 85 आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मकानों को हटाया गया जिससे कई परिवार बेघर होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। उनका कहना है कि विकास कार्यों के साथ मानवीय संवेदनाओं और प्रभावित लोगों के अधिकारों का भी पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। यशोदा वर्मा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सभी प्रभावित परिवारों के लिए सम्मानजनक पुनर्वास आजीविका की सुरक्षा और नियमानुसार मुआवजे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह सुझाव भी दिया है कि विधायक आवास कॉलोनी के लिए नवा रायपुर अथवा अन्य उपलब्ध शासकीय भूमि का चयन किया जाए ताकि किसी भी गरीब परिवार को अपना आशियाना न छोड़ना पड़े। विधायक ने अपने पत्र की प्रतिलिपि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री को भी भेजी है। पत्र सामने आने के बाद नकटी गांव का मामला एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page