
755 रुपये नकद, सट्टा पट्टी और पेन जब्त
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंडई पुलिस ने सट्टा-पट्टी लिखते एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नकदी सट्टा पट्टियां और सट्टा लेखन में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंडई के सब्जी मार्केट में एक युवक हार-जीत पर रुपये का दांव लगवाकर अवैध रूप से सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रेखचंद पटेल (20 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-10, पटेल पारा गंडई के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 755 रुपये नकद तीन सट्टा पट्टियां तथा एक डॉट पेन बरामद हुआ जिसे जब्त कर लिया गया है। इस मामले में थाना गंडई में अपराध दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

