Uncategorized

धनतेरस पर छुईखदान के बाजारों में बरसी लक्ष्मी, सराफा से लेकर ऑटोमोबाइल सेक्टर तक रही जबरदस्त रौनक

छुईखदान। दीपावली के पांच दिवसीय महापर्व के प्रथम दिन धनतेरस के अवसर पर छुईखदान का मुख्य बाजार ग्राहकों की भीड़ से गुलजार रहा। सुबह शुभ मुहूर्त शुरू होते ही बाजारों में रौनक छाने लगी जो देर रात तक बनी रही। महंगाई और सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने परंपरा के अनुसार जमकर खरीदारी की। इससे स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर भी रौनक देखने को मिली।

सोने-चांदी की ऊंची कीमतों के बीच इस बार धनतेरस पर ग्राहकों की पसंद में बदलाव देखने को मिला। सराफा बाजार में भारी आभूषणों की अपेक्षा हल्के वजन की ज्वेलरी, 18 कैरेट सोने के आभूषण, चांदी के सिक्के तथा लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की मांग अधिक रही वहीं शुभ अवसर पर चांदी के सिक्के, पायल एवं अन्य आभूषण खरीदने के लिए दुकानों में ग्राहकों की भीड़ लगी रही।

धनतेरस पर वाहन खरीदने की परंपरा के चलते ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी अच्छी चहल-पहल रही। छुईखदान सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने दोपहिया वाहनों की खरीदारी में विशेष रुचि दिखाई। कई ग्राहकों ने धनतेरस के शुभ अवसर पर अपने नए वाहनों की डिलीवरी ली वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में स्मार्ट टीवी, मोबाइल फोन और घरेलू उपयोग के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की खरीदारी को लेकर भी ग्राहकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

धनतेरस पर धातु के बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। इसी परंपरा के चलते स्टील, पीतल और तांबे के बर्तनों की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ती रही। महिलाओं ने घरेलू उपयोग के बर्तनों के साथ-साथ पूजन सामग्री की भी खरीदारी की। इसके अलावा दीपावली पर घरों को रोशन करने के लिए मिट्टी के दीये, सजावटी झालरें, पारंपरिक झाड़ू एवं अन्य पूजन सामग्रियों की भी अच्छी बिक्री हुई। इससे स्थानीय कुम्हारों और छोटे व्यापारियों को भी त्योहारी सीजन में बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी।*पुलिस प्रशासन ने किए सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम*धनतेरस पर बाजार में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए छुईखदान पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। बाजार क्षेत्र में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख मार्गों पर बड़े वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित किया गया। पुलिस जवानों की तैनाती के साथ लगातार निगरानी रखी गई ताकि खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार धनतेरस पर इस वर्ष बाजार में ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रही। शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। सराफा, बर्तन, कपड़ा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स सहित विभिन्न कारोबार में अच्छी चहल-पहल देखने को मिली। कुल मिलाकर धनतेरस के अवसर पर छुईखदान का बाजार पूरी तरह त्योहारी रंग में रंगा नजर आया और बाजार की रौनक ने स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को नई ऊर्जा प्रदान की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page