
बच्चों को पिलाई गई जीवनरक्षक दवाई
सभापति विनय देवांगन ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया अभियान का शुभारंभ
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को दाऊचौरा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाकर अभियान की सफलता का संदेश दिया। इस अवसर पर नगर पालिका के सभापति एवं वार्ड पार्षद विनय देवांगन ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। कार्यक्रम में पार्षद पुष्पा सिंदर, मितानिन देवकी देवांगन, गीता सारथी, सहायिका सरिता सारथी, शुभम यादव तथा बड़ी संख्या में बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे। सभापति विनय देवांगन ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक दवा पहुंचाकर ही पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को कायम रखा जा सकता है। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सभी नागरिकों से सक्रिय सहयोग की भी अपील की।