
अप्रिय घटना की संभावना को लेकर पत्रकार ने उठाया कदम
खैरागढ़। नगर के शासकीय एवं नजूल भूमि से जुड़े कथित अवैध प्लाटिंग प्रकरण को लगातार उजागर कर रहे जिले के वरिष्ठ पत्रकार चैतेन्द्र तिवारी ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक से पुलिस संरक्षण प्रदान करने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को सौंपे आवेदन में पत्रकार चैतेन्द्र तिवारी ने बताया है कि वे पिछले कई महीनों से खैरागढ़ नगर स्थित शासकीय भूमि, नजूल भूमि, एडवर्ड चिल्ड्रन पार्क तथा खसरा क्रमांक 167, 169 एवं 170 से संबंधित कथित अवैध प्लाटिंग, रजिस्ट्री, नामांतरण और निर्माण कार्यों के संबंध में लगातार समाचार प्रकाशित कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने इस मामले की शिकायत विभिन्न सक्षम अधिकारियों एवं शासन स्तर पर भी की है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि प्रकरण से संबंधित दस्तावेजों, जांच प्रतिवेदनों एवं प्रशासनिक अभिलेखों के आधार पर समाचारों का प्रकाशन किया जा रहा है। समाचार प्रकाशन और शिकायतों के कारण मामले से जुड़े कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों एवं हितग्राहियों द्वारा नाराजगी व्यक्त किए जाने की जानकारी भी आवेदन में दी गई है। पत्रकार ने आशंका जताई है कि वर्तमान परिस्थितियों में उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा प्रभावित हो सकती है तथा किसी अप्रिय घटना की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। पत्रकार श्री तिवारी ने कहा है कि जनहित से जुड़े इस गंभीर विषय को पत्रकारिता के दायित्वों के तहत लगातार सामने लाया जा रहा है। ऐसे में निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा संबंधी आवश्यक कदम उठाया जाना जरूरी है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता को देखते हुए उनकी सुरक्षा का आकलन कर आवश्यकतानुसार पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा भविष्य में किसी प्रकार की धमकी, दबाव या शिकायत की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। आवेदन के साथ संबंधित शिकायतों की प्रतिलिपियां, प्रकाशित समाचारों की प्रतियां एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं।