KCG

जिले में राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण का कार्य प्रारंभ: रोजगार, आय, कृषि और प्रवासन से जुड़े आंकड़े किये जायेंगे एकत्र

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में भारत सरकार के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण (81वां दौर) का कार्य प्रारंभ हो गया है। यह सर्वेक्षण जुलाई 2026 से जून 2027 तक संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से देशभर में परिवारों की आर्थिक, सामाजिक और कृषि संबंधी स्थिति का आकलन कर विकास योजनाओं के लिए विश्वसनीय आंकड़े जुटाए जाएंगे। सर्वेक्षण के अंतर्गत अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण (एआईडीआईएस), कृषि परिवारों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति तथा प्रवासन (माइग्रेशन) से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी। योजना एवं सांख्यिकी विभाग की सर्वेक्षण टीम ने जिले के चयनित ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर जानकारी संग्रहित करने का कार्य शुरू कर दिया है। सर्वे के दौरान परिवारों से रोजगार, व्यवसाय, आय, ऋण, निवेश, कृषि गतिविधियों तथा अन्य सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से संबंधित जानकारी ली जा रही है। पूरी प्रक्रिया टैबलेट आधारित ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से संचालित की जा रही है जिससे आंकड़ों की शुद्धता, पारदर्शिता और त्वरित संकलन सुनिश्चित हो सके। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सर्वेक्षण में प्राप्त सभी जानकारियां सांख्यिकी अधिनियम 2008 के प्रावधानों के तहत पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय विश्लेषण तथा केंद्र एवं राज्य सरकारों की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण के लिए किया जाएगा। किसी भी व्यक्ति या परिवार की व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी। योजना एवं सांख्यिकी विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण दल का सहयोग करें और सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। विभाग का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से तैयार होने वाले विश्वसनीय आंकड़े भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी, समावेशी और जन-आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page