Uncategorized

संगीत नगरी खैरागढ़ में होगा भव्य दशहरा उत्सव

सत्यमेव न्यूज के लिए मनोहर सेन खैरागढ़। संगीत नगरी खैरागढ़ इस बार भक्ति और संस्कृति के रंग में डूबने जा रही है। नगर में होने वाला नगर दशहरा उत्सव 24 सितंबर से तीन दिवसीय रास गरबा के साथ शुरू होगा और 2 अक्टूबर को विशालकाय रावण दहन के साथ इसका समापन होगा। नगर पालिका दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह और नपाध्यक्ष गिरजा चंद्राकर व सभापति-पार्षदों की अगुवाई में तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। समिति द्वारा 22 सितंबर को बांके बिहारी मंदिर परिसर में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना की जाएगी।

हर साल की तरह इस बार भी फतेह मैदान में रास गरबा का भव्य आयोजन होगा। 24 से 26 सितंबर तक चलने वाले इस गरबा महोत्सव में प्राथमिक से लेकर महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं तक सभी वर्गों के गरबा प्रेमी शामिल होंगे। तीन दिन तक शहर की फिज़ा गरबे की ताल पर थिरकती नजर आएगी। गरबा समापन के बाद 28 सितंबर को फतेह मैदान में सांस्कृतिक लोकमंच लोकरंग की रंगारंग प्रस्तुति होगी। दीपक चंद्राकर कृत इस कार्यक्रम में लोककला की झलक देखने हजारों की संख्या में दर्शक पहुंचेंगे। पूरी रात चलने वाले इस आयोजन में संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम होगा।

दशहरा उत्सव का समापन 2 अक्टूबर को ईतवारी बाजार स्थित रावण भाठा मैदान में विशाल रावण दहन के साथ होगा। इससे पहले बांके बिहारी मंदिर परिसर से दुर्गा प्रतिमा की पूजा-अर्चना के बाद विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में राऊत नाच, पंथी दल, धुमाल, रथ पर सवार राम-लक्ष्मण, नगर पालिका के जनप्रतिनिधि, समिति सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page