KCG

जिले में निवासरत बैगा समुदाय तक घर-घर पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र माने जाने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में आदि अमितान पीएम जनमन यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें बैगा बहुल गांवों में घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आशीष शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित यह अभियान विशेष रूप से दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों पर केंद्रित है। छुईखदान विकासखंड में नोडल अधिकारी डॉ.मनीष बघेल एवं बीपीएम बृजेश ताम्रकार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और आदि अमितान की संयुक्त टीम 38 गांवों में निवासरत 4,819 बैगा समुदाय के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रही है।
अभियान के दौरान प्रत्येक हितग्राही का व्यक्तिगत स्वास्थ्य प्रोफाइल तैयार किया जा रहा है साथ ही मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सिकल सेल, एनीमिया, टीबी, मलेरिया, कुष्ठ रोग, मोतियाबिंद तथा स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। जिन मरीजों में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पाई जा रही हैं उन्हें तत्काल बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग गर्भवती महिलाओं एवं जन्म से दो वर्ष तक के बच्चों पर विशेष फोकस कर रहा है। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के साथ छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण कराया जा रहा है वहीं गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श भी सुनिश्चित किया जा रहा है। दूरस्थ क्षेत्रों के गंभीर मरीजों को जिला प्रशासन की निःशुल्क आदि आरोग्य रथ सेवा के माध्यम से उच्च स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाकर समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक 1,109 बैगा हितग्राहियों की स्वास्थ्य जांच पूरी की जा चुकी है। जांच के दौरान 27 मरीजों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया जिनमें 18 उच्च रक्तचाप के मरीज, एक पी.एफ. मलेरिया से संक्रमित मरीज तथा आठ एनीमिक गर्भवती महिलाएं शामिल हैं। सभी मरीजों को समय पर स्वास्थ्य संस्थानों में भर्ती कर उपचार उपलब्ध कराया गया। जिला प्रशासन का कहना है कि इस अभियान से बैगा समुदाय तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच पहले की अपेक्षा अधिक मजबूत हुई है। दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब उनके गांवों के समीप ही आवश्यक स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधाएं मिल रही हैं जिससे गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार संभव हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page