KCG

जिले भर में चलेगा वृहद नेत्र सर्वेक्षण अभियान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। साईट सेवर्स ऑर्गनाइजेशन के सहयोग से जिले में व्यापक नेत्र सर्वेक्षण एवं उपचार अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला अंधत्व नियंत्रण समिति के सचिव डॉ.आशीष शर्मा की अनुमति उपरांत मितानिनों, प्रशिक्षकों एवं समन्वयकों की विकासखंडवार बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में साईट सेवर्स से जिला कार्यक्रम समन्वयक राकेश साहू ने अभियान की रूपरेखा, व्यवस्थाओं एवं कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 31 मई तक जिलेभर में मितानिनों द्वारा घर-घर जाकर नेत्र सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके बाद जुलाई अंत तक नेत्र सहायक अधिकारियों, ऑप्टोमेट्रिस्ट, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा नेत्र रोग निदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला सहायक नोडल अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश नंदिनी श्रीवास्तव ने उपस्थित प्रतिभागियों को आवश्यक जानकारी देते हुए बताया कि सर्वेक्षण के दौरान चिन्हित नेत्र रोगियों को शासन की ओर से निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा जांच के दौरान प्रेसबायोपिया से पीड़ित मरीजों एवं दृष्टिदोष वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए जाएंगे। अन्य नेत्र रोगियों को भी आवश्यक दवाइयां एवं उपचार नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में नेत्र सहायक अधिकारी पूर्णिमा चंदेल, एकता चंद्राकर, अरुण यदु, होमेश साहू सहित सभी मितानिन समन्वयक एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page