KCG

जिला स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव सम्पन्न, कोदवा का जय बूढ़ादेव कर्मा नृत्य दल रहा प्रथम

खैरागढ़। जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत जिला मुख्यालय स्थित स्व.लाल दिलीप सिंह मंगल भवन में जिला स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। आदिवासी संस्कृति, लोककला एवं पारंपरिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में ग्राम कोदवा, गंडई के जय बूढ़ादेव कर्मा नृत्य दल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।महोत्सव में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे चार आदिवासी नर्तक दलों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने लोक वाद्ययंत्रों की मधुर थाप पर जनजातीय लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी। इन प्रस्तुतियों में आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, रीति-रिवाजों और लोकजीवन की जीवंत झलक देखने को मिली। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के सहायक आयुक्त स्वर्णिम शुक्ला ने बताया कि निर्णायक मंडल द्वारा कलाकारों की कलात्मकता, पारंपरिक स्वरूप, सांस्कृतिक प्रस्तुति और प्रदर्शन के विभिन्न पहलुओं का मूल्यांकन किया गया। इसके आधार पर ग्राम कोदवा के जय बूढ़ादेव कर्मा नृत्य दल को प्रथम स्थान के लिए चयनित किया गया।कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, निर्णायक मंडल के सदस्य, जनजातीय समाज के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। महोत्सव के माध्यम से जनजातीय लोककला और पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत को मंच प्रदान करने के साथ स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page