KCG

नगर पालिका खैरागढ़ के विकास कार्यों पर उठे सवाल, कांग्रेस ने गठित की जांच समिति

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर पालिका परिषद नगर पालिका परिषद खैरागढ़ में कराए गए विकास कार्यों की गुणवत्ता, अधूरे निर्माण और कथित अनियमितताओं को लेकर शहर में बढ़ते जनाक्रोश के बीच शहर कांग्रेस कमेटी ने बड़ी पहल करते हुए जांच समिति का गठन किया है। समिति विभिन्न वार्डों का दौरा कर निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण करेगी तथा नागरिकों से प्राप्त शिकायतों की तथ्यात्मक जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करेगी। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज ने बताया कि नगर के कई वार्डों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि विकास कार्यों में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई है। कई निर्माण अधूरे पड़े हैं जबकि कुछ कार्यों में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की आशंका जताई जा रही है। जनहित को ध्यान में रखते हुए इन शिकायतों की निष्पक्ष जांच के लिए समिति गठित की गई है। जांच समिति की जिम्मेदारी विधायक प्रतिनिधि व खैरागढ़ नगर पालिका क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनराखन देवांगन को सौंपी गई है। समिति में नगर पालिका उपाध्यक्ष रज्जाक खान, वरिष्ठ पार्षद पुरुषोत्तम वर्मा, नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन सहित कई जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है। समिति वार्डों में चल रहे तथा पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन करेगी। जांच में सड़क, नाली, सीसी रोड, पेयजल, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों की गुणवत्ता, लागत तथा उपयोगिता की समीक्षा की जाएगी। शहर कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी व युवा कांग्रेस नेता शेखर दास वैष्णव ने बताया कि निरीक्षण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा और तैयार रिपोर्ट विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपी जाएगी ताकि दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

नगर पालिका खैरागढ़ में विकास कार्यों को लेकर उठे इन सवालों ने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। अब नागरिकों की नजरें इस जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि विकास के नाम पर जनता के धन का सही उपयोग हुआ या नहीं।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page