इच्छुक विद्यार्थी 4 नवंबर को शाम 4 बजे तक कर सकेंगे आवेदन
खैरागढ़। जनजातीय गौरव सप्ताह 2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन 5 नवंबर 2026 को किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थी 4 नवंबर को शाम 4 बजे तक कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग जिला खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई में संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग स्वर्णिम शुक्ला ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 11 से 18 नवंबर 2026 तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इसी कड़ी में विद्यार्थियों के ज्ञान एवं जनजातीय गौरव से जुड़ी जानकारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता दो श्रेणियों में होगी। प्रथम श्रेणी में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी तथा प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रावासों के विद्यार्थी शामिल होंगे वहीं द्वितीय श्रेणी में महाविद्यालयों में अध्ययनरत एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता ऑफलाइन माध्यम से आयोजित होगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता की मेरिट सूची के आधार पर निर्धारित संख्या में प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
