राजनांदगांव

जान जोखिम में डालकर सफर करने मजबूर है लोग

सत्यमेव न्यूज राजनांदगांव। मानसून की पहली ही तेज बारिश ने सुकुलदैहान की मुख्य सड़क की बदहाल तस्वीर सबके सामने ला दी है। सड़क पूरी तरह कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है और इस बीच हालात ऐसे हैं कि दोपहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं जबकि पैदल चलने वालों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह पानी भर गया है जिससे गड्ढे दिखाई नहीं देते और हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों महिलाओं बुजुर्गों और मरीजों को हो रही है। मौके पर देखने से साफ नजर आता है कि सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी है। कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं जिनमें बारिश का पानी भर जाने से वाहन फिसलने का खतरा लगातार बना हुआ है। सड़क पर उड़ती कीचड़ और फिसलन के कारण लोग रोजाना परेशानियों का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि हर साल सड़क मरम्मत के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। थोड़ी सी बारिश होते ही सड़क फिर अपनी बदहाल स्थिति में लौट आती है। लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने तथा स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page