KCG

तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत, परिजनों को मिलेगी 8 लाख की सहायता

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने की दिशा में जिला प्रशासन ने संवेदनशील पहल करते हुए दो मृतक बच्चों के परिजनों के लिए कुल 8 लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों के तहत यह सहायता राशि मंजूर की है। तहसील साल्हेवारा के ग्राम कोपरो में तालाब के पानी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मृत्यु हुई थी। इनमें ग्राम कोपरो निवासी 3 वर्षीय सूर्य पटेल और 3.5 वर्षीय युग श्रीवास शामिल हैं। दोनों बच्चों की मृत्यु प्राकृतिक आपदा से संबंधित प्रकरण के रूप में दर्ज की गई। आरबीसी 6-4 के तहत मृतक सूर्य पटेल के पिता दिनेश कुमार पटेल तथा मृतक युग श्रीवास के पिता खेलावन श्रीवास के लिए 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है। इस प्रकार दोनों परिवारों को कुल 8 लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी। कलेक्टर चंद्रवाल ने संबंधित तहसीलदारों को स्वीकृत राशि का आहरण कर पात्र हितग्राहियों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन द्वारा प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले व्यक्तियों के आश्रित परिवारों को शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया लगातार जारी है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page