
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हो गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 1 मई से 20 मई तक आयोजित इस शिविर में जिलेभर के 146 खिलाड़ियों ने भाग लेकर विभिन्न खेल विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर का आयोजन जिले के पांच प्रमुख केंद्रों यथा राजा फतेह सिंह खेल मैदान खैरागढ़, केकती बाड़ी मैदान छुईखदान, खेल मैदान अकरजन, सजेस साल्हेवारा तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या शाला मैदान गण्डई में किया गया। सभी केंद्रों पर अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, खेल तकनीक और फिटनेस संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण शिविर में फुटबॉल, खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, साइक्लिंग, फेंसिंग, जूडो और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों का अभ्यास कराया गया। खिलाड़ियों को खेल कौशल के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और शारीरिक दक्षता के महत्व की भी जानकारी दी गई। शिविर में श्रीमती नीलू सिंह, शिताषु गुप्ता, प्रिनकेश कश्यप, आशीष पटेल, ताजु खान गौरी, नंदेश्वरी जोशी, कांति चंद्राकर, जनक साहू, कुशल सिंह ध्रुव, रोहित अचला, निधि साहू, रोशनी रावटे एवं रूपेंद्र साहू ने प्रशिक्षक के रूप में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को खेलों की बारीकियों से अवगत कराते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। समापन समारोह में नगर पालिका परिषद खैरागढ़ की अध्यक्ष श्रीमती गिरजा नंद चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि भगवत शरण सिंह, समाजसेवी विकेश गुप्ता, पार्षद सुमित टंडिया, पार्षद रूपेंद्र रजक, निर्मल त्रिवेणी महाअभियान के संयोजक सूरज देवांगन, समाजसेवी मंगल सारथी, शुभम सिंह ठाकुर, उत्तम बागड़े एवं उत्तम दसारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी, प्रशिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। प्रशिक्षकों एवं खेल अधिकारियों ने प्रतिभागियों को भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला प्रशासन एवं खेल विभाग की इस पहल को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने सराहना की। शिविर के माध्यम से जिले की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिला।
