Uncategorized

राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी में स्वच्छता कार्यों का हुआ मूल्यांकन

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। केसीजी जिले के गोद ग्राम सोनपुरी में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत संचालित स्वच्छता गतिविधियों का राज्य स्तरीय टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान राज्य सलाहकार डॉ.रुपेश राठौर और अभिलाषा आनंद ने गांव पहुंचकर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव में प्रत्येक शनिवार डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण किया जाता है जिसके लिए प्रत्येक परिवार से 20 रुपये का शुल्क लिया जाता है। साथ ही सामुदायिक शौचालय के संचालन और देखरेख की जिम्मेदारी भी ग्राम स्तर पर निभाई जा रही है। राज्य सलाहकारों ने स्वच्छता कार्यों को और बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने गांव में भ्रमण कर कचरा संग्रहण व्यवस्था सामुदायिक शौचालय और सार्वजनिक स्थलों की साफ सफाई का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण से जुड़ी स्वच्छाग्राही महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया गया। ग्राम भ्रमण के दौरान वार्ड क्रमांक 06 एवं 07 में कुछ घरों से निकलने वाले ग्रे-वाटर के उचित प्रबंधन के लिए सामुदायिक सोखपीट निर्माण के निर्देश भी दिए गए। टीम ने ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने पर जोर दिया।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page