KCGपॉलिटिक्स

गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। महान संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से फरवरी 2027 तक चलाए जाने वाले ‘समरसता संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर रविवार को जिला भाजपा कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, कार्यक्रमों के संचालन और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का संचालन नवनीत जैन ने किया, जबकि स्वागत उद्बोधन जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू ने दिया। मुख्य वक्ता एवं बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने कहा कि संत गुरु रविदास ने “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का संदेश देकर समाज को आंतरिक शुचिता, समानता और सद्भाव का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना को मजबूत करने का व्यापक अभियान है। खैरागढ़ के अपने प्रथम दौरे का उल्लेख करते हुए उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों की गति तेज करने की आवश्यकता बताई तथा बेमेतरा में भाजपा संगठन को मजबूत करने में जिला सहप्रभारी विक्रांत सिंह की भूमिका की सराहना की। उन्होंने अभियान के सभी चरणों में पार्टी के विभिन्न मोर्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। जिला भाजपा प्रभारी नलिनीश ठोकने ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम पांच चरणों में संचालित किया जाएगा। प्रथम चरण में प्रत्येक मंडल में चार मंदिरों का चयन कर सामूहिक वाचन किया जाएगा। इसके बाद कलश यात्रा एवं तिरंगा अभियान आयोजित होगा। 17 अगस्त से प्रसाद वितरण, चित्रकला प्रतियोगिताएं तथा छात्रावासों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार सामाजिक समरसता, सम्मान और समानता का संदेश देते हैं, जिन्हें जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष एवं खैरागढ़ विधानसभा प्रभारी संदीप शर्मा ने कहा कि संत रविदास ने विपरीत परिस्थितियों में भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता के मूल्यों को सशक्त किया। उन्होंने कहा कि संतों और महापुरुषों के विचारों को समाज तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने संत रविदास को महान समाज सुधारक, संत कवि एवं मीराबाई के गुरु के रूप में स्मरण करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज को समानता, सेवा और सद्भाव का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित यह अभियान समाज में समरसता को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के अंत में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजय मनहरे, जिला महामंत्री शशांक ताम्रकार, दिनेश वर्मा, देवकुमार सेन, भोज बंजारे, भावेश कोचर, रोशन चंद्राकर, भीखू हिरवानी, ललित चोपड़ा, आनंद सिन्हा, परमानंद साहू, नीलिमा गोस्वामी, कीर्ति वर्मा, वंदना टांडेकर, गिरजा चंद्राकर, नरेश कुर्रे, हरप्रसाद वर्मा, मंजीत सिंह, मुकेश वर्मा, दीनदयाल सिन्हा, जयप्रकाश साहू, महेश गिरी, डॉ. चंदू वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page