Uncategorized

गांधी जयंती पर दनिया में ग्रामीणों ने रोजगार की मांग को लेकर भरे फॉर्म-6

पंडरिया। गांधी जयंती के अवसर पर जनपद पंचायत छुईखदान के अंतर्गत ग्राम पंचायत दनिया में ग्रामीणों ने रोजगार की मांग को लेकर विशेष पहल की। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने एकजुट होकर रोजगार का संकल्प लिया और बीबी जी रामजी (मनरेगा) के तहत काम उपलब्ध कराने की मांग को लेकर शासन द्वारा निर्धारित फॉर्म-6 में आवेदन प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला संयोजक रणजीत सिंह चंदेल की प्रमुख उपस्थिति रही। इस दौरान गांव के करीब 40 महिला एवं पुरुष ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीणों ने ‘हर हाथ को काम, हर हाथ को सम्मान’ का नारा देते हुए महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज एवं स्वावलंबन के विचारों को याद किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने गांव के समग्र विकास के साथ प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को रोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। श्रमिकों ने रोजगार की मांग के लिए फॉर्म-6 भरकर ग्राम पंचायत में विधिवत आवेदन प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बीबी जी रामजी (मनरेगा) योजना से संबंधित प्रावधानों एवं रोजगार की मांग से जुड़े अधिकारों की जानकारी दी गई। उपस्थित ग्रामीणों को बताया गया कि योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को निर्धारित शर्तों के अनुसार एक वित्तीय वर्ष में अकुशल शारीरिक श्रम के रोजगार का प्रावधान है। आयोजकों ने ग्रामीणों से योजना के तहत उपलब्ध प्रावधानों की जानकारी रखने और रोजगार की आवश्यकता होने पर नियमानुसार आवेदन करने की अपील की।

ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के समक्ष मांग रखी कि रोजगार के लिए आवेदन किए जाने के बाद निर्धारित समय-सीमा में काम उपलब्ध कराया जाए। यदि नियमानुसार निर्धारित अवधि में रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो पात्र आवेदकों को प्रावधानों के अनुसार बेरोजगारी भत्ता प्रदान किया जाए। ग्रामीणों एवं आयोजकों ने कहा कि गांव के लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और ग्रामीण विकास को गति देना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। रोजगार की मांग को लेकर फॉर्म-6 भरने की इस पहल से ग्रामीणों में अपने अधिकारों एवं सरकारी रोजगार योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में ताराचंद, अभीराम, हेम सिंह वर्मा, जनक नेताम, सजीवन नेताम, मोहित राम, लेखराम, लेखाराम जंघेल, कुमारी बाई, रामचंद्र, परमात्मा राम, वीरेंद्र कुमार, जवाहर राम, मीराबाई साहू, कचरा बाई, हेमीन बाई, लीलाबाई, राजकुमारी, बुधियारीन बाई, रेखा बाई, सरस्वती बाई, अंजू बाई, रामशिला बाई सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page