
प्राकृतिक एवं मानव-निर्मित आपदाओं से बचाव के बताए उपाय0
विद्यार्थियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
गंडई-पंडरिया। अंतरराष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर स्थानीय शासकीय महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को प्राकृतिक एवं मानव-निर्मित आपदाओं के प्रति जागरूक करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन, सुरक्षा के उपायों और संकट के समय सूझबूझ के साथ निर्णय लेने की जानकारी दी गई।कार्यक्रम मेरा युवा भारत के अंतर्गत जिला युवा अधिकारी शुभजीत डे के मार्गदर्शन में तथा छुईखदान ब्लॉक के नेशनल यूथ वालंटियर शिव कुमार गातरेकर के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर मिथिलेश पटेल, मनोज साहू एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से बचाव और उनसे निपटने के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी। मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्य, सतर्कता और सूझबूझ से काम लेना बेहद जरूरी है। समय पर सही निर्णय लेकर न केवल स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है बल्कि दूसरों की जान बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा उपायों से अवगत कराया।कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विद्यार्थियों को सैद्धांतिक जानकारी देने के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इसके अंतर्गत बाढ़, भूकंप तथा गैस सिलेंडर में आग लगने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीके प्रदर्शित किए गए। प्रशिक्षकों ने विभिन्न उदाहरणों और प्रायोगिक गतिविधियों के माध्यम से समझाया कि ऐसी परिस्थितियों में किस प्रकार सावधानी बरतते हुए स्वयं और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा की जा सकती है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और आपातकालीन परिस्थितियों का सामना करने के लिए सक्षम बनाना है ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे स्वयं के साथ-साथ समाज के अन्य लोगों की सहायता भी कर सकें। कार्यक्रम के समापन अवसर पर छात्र-छात्राओं ने आपदाओं के प्रति जागरूक रहने, सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। आयोजन में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
