Uncategorized

किसानों के हित में जिला कांग्रेस ने उठाई आवाज

खैरागढ़। आगामी धान खरीदी सीजन को देखते हुए किसानों की सुविधा और त्रुटिरहित गिरदावरी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने पटवारी एवं सर्वेयरों की समस्याओं के निराकरण की मांग की है। इस संबंध में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राजस्व सचिव, छत्तीसगढ़ शासन के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। ज्ञापन के माध्यम से पटवारियों को पीवी ऐप के उपयोग में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों, वेतन विसंगति और पदोन्नति से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही पटवारियों के निलंबन एवं स्थानांतरण से जुड़ी कार्रवाई की समीक्षा करने तथा सर्वेयरों के लंबित भुगतान का शीघ्र निराकरण कर बकाया राशि जारी करने की मांग की गई

जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि गिरदावरी की प्रक्रिया किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। गिरदावरी में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर किसानों के पंजीयन, धान विक्रय और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में गिरदावरी कार्य से जुड़े पटवारियों एवं सर्वेयरों की समस्याओं का समय रहते निराकरण करना आवश्यक है, ताकि वे बिना किसी बाधा के जिम्मेदारीपूर्वक कार्य संपन्न कर सकें। कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से आग्रह किया कि पटवारी संघ, सर्वेयरों और संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक आयोजित कर सभी समस्याओं पर गंभीरतापूर्वक चर्चा की जाए। आपसी संवाद और सामंजस्य के माध्यम से समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकाला जाए, जिससे गिरदावरी का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा हो सके और आगामी धान खरीदी के दौरान किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों की रक्षा और धान खरीदी की प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए राजस्व अमले की समस्याओं का समाधान भी जरूरी है। इसलिए संबंधित मांगों पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि गिरदावरी की प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल साहू, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिरमौर, जिला महामंत्री आकाशदीप सिंह, जिला सचिव रिंकू गुप्ता एवं जिला प्रवक्ता मनोहर सेन उपस्थित रहे। ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी भेजी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page