
यूडीआईडी कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी होगी संचालित
आधार कार्ड सहित जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचें दिव्यांगजन
खैरागढ़। जिले के दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांगता के आकलन और विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी कार्ड) की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 21 अक्टूबर को सिविल अस्पताल खैरागढ़ में विशेष दिव्यांग जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह शिविर सुबह 10 बजे से शुरू होगा। शिविर में मेडिकल बोर्ड द्वारा दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दिव्यांगता का आकलन किया जाएगा। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों के यूडीआईडी कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर आवश्यक चिकित्सकीय जांच और दिव्यांगता प्रमाणन की सुविधा उपलब्ध कराना है ताकि वे शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
ये दस्तावेज लाना होगा अनिवार्य
शिविर में शामिल होने वाले दिव्यांगजनों को अपने साथ आधार कार्ड, तीन पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर और पुराने मेडिकल रिकॉर्ड लाने होंगे। जिन दिव्यांगजनों का पहले से यूडीआईडी कार्ड बना हुआ है उन्हें कार्ड की प्रति भी साथ लानी होगी। आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचने से जांच एवं पंजीयन की प्रक्रिया में सुविधा होगी। समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी दिव्यांगजनों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर सुबह 10 बजे सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं। विभागों ने अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों से शिविर में शामिल होकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं यूडीआईडी कार्ड संबंधी सुविधाओं का लाभ लेने का आग्रह किया है।