KCG

खैरागढ़ विवि में ओड़िसी नृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने बांधा समां, गुरु को दी श्रद्धांजलि

खैरागढ़। राजकुमारी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में श्रुति मंडल समिति के तत्वावधान में 16 नवंबर को आयोजित पाक्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ओड़िसी नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियों के नाम रहा। कार्यक्रम में प्रख्यात गुरु प्रो.नव किशोर मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कलाकारों ने अपनी नृत्य साधना के माध्यम से उन्हें भावपूर्ण नमन किया। डॉ.नरेंद्र देव वर्मा प्रेक्षागृह में आयोजित इस कार्यक्रम में शास्त्रीय नृत्य की भाव-भंगिमाओं, लय और सौंदर्य ने उपस्थित कला प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति में ओड़िसी नृत्य विभाग की एमए की छात्राएं सुधा चंपन (नेपाल) और जया निर्मलकर ने नौ रसों की प्रभावशाली अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। दोनों कलाकारों ने अपनी भाव-भंगिमाओं और नृत्य कौशल के माध्यम से विभिन्न रसों को जीवंत रूप दिया। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।इसके बाद ओड़िसी नृत्य विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ.सुशांत कुमार दास ने मंगलाचरण के अंतर्गत ‘कल्पतरु’ की प्रस्तुति दी। इसमें शिव-पार्वती की स्तुति को नृत्य के माध्यम से अत्यंत भावपूर्ण ढंग से अभिव्यक्त किया। उन्होंने ‘मातंगी ध्यानम्’ तथा महाकवि जयदेव गोस्वामी के गीत गोविंद पर आधारित मंगल गीत ‘श्रितकमला कुचमंडल धृतकुंडल ए, जय जय देव हरे’ की भी मनोहारी प्रस्तुति दी। भगवान हरि की स्तुति पर आधारित इस रचना में उनकी भावाभिव्यक्ति और शास्त्रीय नृत्य की बारीकियों ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.लवली शर्मा के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से किया गया। उन्होंने कलाकारों और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे आयोजनों को कला की निरंतर साधना और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। कार्यक्रम में श्रद्धांजलि संदेश का वाचन डॉ.सुशांत कुमार दास ने किया जबकि मंच संचालन भरतनाट्यम विभाग के अतिथि व्याख्याता होरिल गौर ने किया। प्रस्तुतियों के दौरान विद्यार्थियों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। विश्वविद्यालय में नियमित रूप से आयोजित हो रहे श्रुति मंडल के पाक्षिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को अनुभवी गुरुओं की कला और साधना से रूबरू कराने के साथ अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर भी दे रहे हैं। आयोजन में विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं कला प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page