KCG

बुंदेली में सीसी रोड और व्यावसायिक परिसर निर्माण का हुआ भूमिपूजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. जिले के छुईखदान ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बुंदेली में विकास कार्यों की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया। ग्राम के वार्ड क्रमांक 04 में तीन लाख रुपये की लागत से बनने वाले सीसी रोड तथा बाजार चौक में व्यावसायिक परिसर निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह उपस्थित रहे। गांव पहुँचने पर सरपंच दिवाकर सोनी के नेतृत्व में ग्रामीणों द्वारा अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन किया गया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि सीसी रोड निर्माण से बरसात में होने वाली कीचड़ की समस्या से मुक्ति मिलेगी तथा व्यावसायिक परिसर बनने से ग्राम पंचायत को स्थायी आय का स्रोत प्राप्त होगा। विक्रांत सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतों को मुख्य सड़कों से सटे क्षेत्रों में व्यावसायिक परिसरों का निर्माण प्राथमिकता से करना चाहिए, जिससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलें और पंचायत की आय भी बढ़े। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही बताया कि डबल इंजन की सरकार से गांवों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य ललित चोपड़ा, सरपंच अनीता भगवती पाल, उपसरपंच मधु पाल, पंच ईश्वर जंघेल, गोपी जंघेल, चंदा चेलक, मुकेश यादव, कमता ठाकुर, सोमनाथ, अजय रजक, अशोक पाल, टीकाराम, पुरुषोत्तम सेन, उत्तमचंद बोहरा, प्रेमचंद बोहरा, महेन्द्र, मुन्‍ना गुप्ता, उत्तम गुप्ता, बालमुकुंद चौबे, बिहारी जंघेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page