खैरागढ़ में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च, मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन कर मांगा इस्तीफा
खैरागढ़. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के तत्वावधान में 8 अक्टूबर को खैरागढ़ में जिला स्तरीय ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की तथा मताधिकार की सुरक्षा, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का मुद्दा उठाया। मार्च की शुरुआत ईतवारी बाजार स्थित शीतला मंदिर से हुई। कार्यकर्ता बक्शी मार्ग, मस्जिद चौक एवं जय स्तंभ चौक होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचे। यहां राष्ट्रगान एवं संविधान वाचन के बाद पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।कार्यक्रम में विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा, पूर्व विधायक छन्नी साहू, पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल दास साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
मताधिकार की सुरक्षा लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी
विधायक यशोदा वर्मा ने कहा कि जनता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी होनी चाहिए। पूर्व विधायक छन्नी साहू ने निर्वाचन प्रक्रिया पर जनता का विश्वास बनाए रखने की आवश्यकता बताई वहीं जिलाध्यक्ष कोमल दास साहू ने कहा कि प्रत्येक मतदाता के अधिकारों की रक्षा करना आवश्यक है। पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल ने भी कथित वोट चोरी के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता की मांग की। प्रदर्शन में देवराज किशोर दास, नीलांबर वर्मा, ओमप्रकाश झा, कामदेव जघेल, संजू चंदेल, सज्जाक खान, अरुण भारद्वाज, संदीप सिरमौर, रामकुमार पटेल, हेमलता ठाकुर, रिंकू गुप्ता, नदीम मेमन, राजा सोलंकी सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मताधिकार की सुरक्षा, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी।

