
बैगा हितग्राहियों के आधार एवं आयुष्मान कार्ड 15 नवंबर तक बनाने के निर्देश, अधूरे आवास, सड़क, हर घर जल एवं छात्रावास निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर
खैरागढ़. जिले में संचालित पीएम जनमन योजना की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत संचालित दीर्घकालिक एवं त्वरित गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शेष कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त स्वर्णिम शुक्ला ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से आवास निर्माण, संपर्क सड़क, पेयजल, बहुउद्देशीय केंद्र, आंगनबाड़ी भवन, मोबाइल मेडिकल यूनिट, विद्युत सुविधा, क्रेडा के माध्यम से सौर ऊर्जा, दूरसंचार सेवाएं एवं छात्रावास निर्माण की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। कलेक्टर चंद्रवाल ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना के शेष कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिन बैगा हितग्राहियों के आधार कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड अभी नहीं बने हैं उनका 15 नवंबर 2026 तक निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम जनमन योजना के अंतर्गत शेष अपूर्ण आवास, संपर्क सड़क, हर घर जल एवं जनमन छात्रावास भवन के निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने मोबाइल मेडिकल यूनिट के सुचारू संचालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बैगा जनजाति की महिलाओं एवं बच्चों की एनीमिया, सिकल सेल सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच नियमित रूप से कराने तथा जांच से संबंधित जानकारी का व्यवस्थित डेटा संकलित कर मेडिकल डाटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की गाइडलाइन के अनुरूप बहुउद्देशीय केंद्रों का संचालन सुनिश्चित किया जाए ताकि बैगा परिवारों को स्वास्थ्य, पोषण एवं आजीविका संबंधी सेवाओं का प्रभावी लाभ मिल सके। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।