KCG

पिपलाकछार में हाई स्कूल की मांग तेज़, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन, दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. खैरागढ़ जिले के डोंगरगढ़ विधानसभा के ग्राम पिपलाकछार में हाई स्कूल की मांग को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा आज फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे आज कलेक्टर कार्यालय पहुँचे और अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने साफ कहा कि अगर इस शैक्षणिक सत्र से गांव में हाई स्कूल नहीं खोला गया तो वे बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे और चक्का जाम करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले 15 वर्षों से हाई स्कूल की मांग कर रहे हैं।

हाल ही में सुशासन तिहार के दौरान भी 60 से अधिक आवेदन दिये गये लेकिन अब तक प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। पूर्व जिला पंचायत सभापति विप्लव साहू ने जानकारी दी कि पिपलाकछार डोंगरगढ़ विधानसभा के बड़े गांवों में से एक है जिसकी आबादी करीब 2000 है। पास के हाई स्कूलों में बच्चों को दाखिला नहीं मिल पाता और गांव का संकुल ग्राम दपका है जहां पहुँचने के लिये नदी और जंगल पार करना पड़ता है। बारिश के मौसम में पुल न होने की वजह से रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है।ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हाई स्कूल खोलने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी अनदेखी हुई तो आंदोलन और भी उग्र होगा।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page