KCG

ग्राम पंचायत दनिया में सचिव द्वारा पंच-सरपंच अभ्यर्थियों से बेजा राशि वसूली की शिकायत

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अजब-गजब तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं। केसीजी जिले के छुईखदान जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत दनिया में सचिव द्वारा पंच व सरपंच का चुनाव लड़ने वाले कुछ अभ्यर्थियों से बेजा राशि वसूली की शिकायत सामने आयी है। शिकायत है कि कतिपय राजनीतिक कारणों व निहित स्वार्थ के चलते सचिव के मार्फत हथकंडे अपनाकर नियम विरूद्ध अदेय प्रमाण की राशि का विस्तृत विवरण नहीं देकर हजारों रूपये की राशि वसूली की गई है। बताया जा रहा है कि पंचायत आम निर्वाचन 2025 में ग्राम पंचायत दनिया के सचिव द्वारा पंचायत के पंच व सरपंच अभ्यर्थियों से अदेय प्रमाण पत्र जारी करने अधिकाधिक राशि ली जा रही है। खबर है कि ग्राम पंचायत दनिया के स्थानीय अभ्यर्थियों से 10 हजार रूपये तथा पंचायत के आश्रित ग्राम चारभांठा से 7 हजार रूपये लेकर बिना विस्तृत विवरण के अभ्यर्थियों से राशि की वसूली की गई है। मामले की जानकारी के बाद कुछ अभ्यर्थियों ने मामले को सार्वजनिक किया है जिसके बाद मामले की लिखित शिकायत छुईखदान जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से की गई है और वसूली गई राशि के रसीद के साथ टैक्स वसूली का विस्तृत विवरण सहित रसीद पावती की मांग की गई है। मामले में शिकायत की प्रतिलिपि जिला निर्वाचन अधिकारी एवं केसीजी कलेक्टर को भी प्रेषित की गई है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page