Uncategorized

खैरागढ़ महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

खैरागढ़। रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़ में अंतर्राष्ट्रीय ओजोन दिवस के अवसर पर भूगोल एवं वनस्पति शास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान तथा आईक्यूएसी के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ.ओपी गुप्ता एवं वरिष्ठ प्राध्यापक नंद कुमार देवांगन के मार्गदर्शन में हुआ।कार्यक्रम में भूगोल विभागाध्यक्ष एवं आईक्यूएसी प्रभारी श्रीमती सृष्टि वर्मा ने ओजोन परत को पृथ्वी का प्राकृतिक सुरक्षा कवच बताते हुए कहा कि यह सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों को अवशोषित कर मानव, वनस्पतियों, जीव-जंतुओं एवं पारिस्थितिकी तंत्र की रक्षा करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।वनस्पति शास्त्र विभागाध्यक्ष सुश्री बबीता मांडवी ने ओजोन परत के क्षरण से वनस्पतियों एवं जैव विविधता पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को पौधारोपण के साथ पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। बताया गया कि 16 सितंबर 1987 में इसी दिन ओजोन परत को क्षति पहुंचाने वाले पदार्थों के नियंत्रण के लिए मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर किए गए थे। विद्यार्थियों को ओजोन क्षरण के कारणों तथा ओजोन-क्षयकारी पदार्थों के पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी गई।

पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें बीए तृतीय सेमेस्टर के डिकेंद्र कुमार ने प्रथम, रीना बंजारे ने द्वितीय तथा शुभांगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में पर्यावरण प्रदूषण कम करने, ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग, प्लास्टिक का उपयोग घटाने तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने ओजोन परत के संरक्षण और पृथ्वी को सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page