KCG

रायपुर में नहीं खुलेगा खैरागढ़ विश्वविद्यालय का स्टडी सेंटर, जनआंदोलन को लेकर विवि प्रशासन ने लिया निर्णय

शनिवार की शाम विवि प्रशासन की बैठक में शामिल हुई विधायक

भविष्य में स्टडी सेंटर खोलने विवि नहीं भेजेगा कोई भी प्रस्ताव

सत्यमेव न्यूज़/खैरागढ़. विगत पखवाड़े भर से रायपुर में खुले स्टडी सेंटर को लेकर चल रहा विवाद अब शांत हो गया है. शनिवार की शाम विश्वविद्यालय प्रशासन ने विधायक की मौजूदगी में बैठक आयोजित कर निर्णय लिया है कि भविष्य में उनके द्वारा स्टडी सेंटर खोलने जैसा कोई भी प्रस्ताव शासन को नहीं भेजा जायेगा. गौरतलब है कि रायपुर में ऑफ कैम्पस स्टडी सेंटर के संचालन को लेकर खैरागढ़ में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहा है, इसी क्रम में आंदोलनकारियों ने विश्वविद्यालय के कैम्पस व कुलपति निवास घेराव की योजना बनाई थी लेकिन आनन-फानन में विवि प्रशासन ने बैठक आहूत कर स्टडी सेंटर को बंद करने विकल्पों पर चर्चा की और इसे बंद करने विश्वविद्यालय कार्यकारिणी का प्रस्ताव शासन को भेजने की बात कही गई. जनभावनाओं का सम्मान करते हुये पहले ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्टडी सेंटर के संचालन को पूरी तरह स्थगित करने का आदेश दिया है लेकिन चूंकि प्रस्ताव विधानसभा में हुआ है इसलिये इस प्रक्रिया में अभी समय लगेगा. बैठक के बाद विधायक श्रीमती वर्मा ने कहा कि जनभावनाओं का पूरी तरह सम्मान करना हमारा दायित्व है और इसी दिशा में पहल की गई है. वैसे भी यह प्रस्ताव पूर्ववर्ती डॉ.रमन सिंह सरकार का था. विधायक के बयान के बाद भाजपा ने प्रतिक्रिया देते हुये कहा है कि अगर भाजपा के कार्यकाल में यह प्रस्ताव पारित हुआ था तो पहले ही स्टडी सेंटर बन गया होता, पूरी योजना का क्रियान्वयन भूपेश बघेल सरकार में किया गया है. बहरहाल विवि प्रशासन ने इसे अपने एजेंडे में शामिल कर प्रस्ताव शासन को भेजने की मंशा बनाई है लेकिन भविष्य में यह देखने वाली बात होगी कि रायपुर में खोला गया ऑफ कैम्पस स्टडी सेंटर खैरागढ़वासियों की मांग के अनुरूप बंद होगा कि नहीं. मामले को लेकर लगातार आंदोलन व विरोध प्रदर्शन कर रहे नागरिकों ने ठेठ खैरागढिय़ा के बैनर तले कहा है कि बहरहाल आंदोलन स्थगित रहेगा लेकिन भविष्य में अगर कोई भी विश्वविद्यालय के विखंडन की नियत से स्टडी सेंटर जैसे आदेश लायेगा तो उसका पूरजोर विरोध कर पुन: आंदोलन किया जायेगा.

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page