
बैठक में जुटे जिलेभर के प्रतिनिधि
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला मुख्यालय में बुधवार को जिला कोटवार संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई जिसमें जिले के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में कोटवार शामिल हुए। कार्यक्रम में मुक्त रूप से जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह उपस्थित रहे। संघ पदाधिकारियों ने उनका स्वागत कर बैठक की शुरुआत की। इस दौरान संगठन की एकजुटता और कोटवारों की समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विक्रांत सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कोटवार प्रशासन और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाते हैं। गांवों में सूचनाओं के आदान प्रदान और स्थानीय व्यवस्था बनाए रखने में उनका योगदान अहम है। जिला कोटवार संघ के अध्यक्ष बीरेश मेश्राम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कोटवारों की नियुक्ति में परिवार के सदस्यों को प्राथमिकता देने, खैरागढ़ स्थित अस्थायी बैठक भवन में बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा प्रांतीय कोटवार संघ की बैठक खैरागढ़ में आयोजित कराने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही। विक्रांत सिंह ने कोटवारों की मांगों को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने तथा उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और आपसी सहयोग से समस्याओं का समाधान आसान होता है। बैठक में भैया लाल चंदेल, नारायण उइके, कृष्णा मानिकपुरी, संजय मेश्राम, किसुन रामटेके और जागेशर मानिकपुरी सहित जिलेभर के कोटवार उपस्थित रहे।

