KCG

वनांचल क्षेत्र के स्कूलों का डीईओ ने किया आकस्मिक निरीक्षण, लापरवाह शिक्षकों को थमाया नोटिस

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी ने शनिवार को निरीक्षण दौरा किया। छुईखदान विकासखंड के अंतर्गत आने वाले कई शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया जिनमें सड़क किनारे स्थित ग्राम महराटोला, झुरानदी के साथ ही झुमर कोहेला, गर्रा, ठाकुरटोला, लावतरा, कुम्हारटोला एवं बक्कटपुर ग्राम के दूरस्थ स्कूल शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झुरानदी में गंभीर लापरवाही सामने आयी है जहां प्रभारी प्राचार्य समेत पांच शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री द्विवेदी ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीईओ ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और प्रशासनिक अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण जारी रहेगा। शिक्षकों को समय पर स्कूल पहुंचना और पूर्ण निष्ठा से शैक्षणिक कार्य में संलग्न रहना अत्यंत आवश्यक है।

जिले के स्कूलों में खासतौर पर दूरस्थ इलाकों में शिक्षण व्यवस्था को दुरुस्त करने लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई जारी रहेगी।

लालजी द्विवेदी, जिला शिक्षा अधिकारी के.सी.जी.

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page