
खैरागढ़। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहीं स्वर्गीय राजकुमार बोरकर की पत्नी अनीता बोरकर के उपचार में सहयोग के लिए भारतीय जैन संगठना खैरागढ़ ने मानवीय पहल की है। संगठना की ओर से 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई वहीं संगठना के एक सदस्य ने 10 हजार रुपये गुप्त दान के रूप में दिए। इस तरह अनीता बोरकर के इलाज के लिए कुल 21 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई। जानकारी अनुसार खैरागढ़ महाबोधि बुद्ध विहार समिति के सदस्य रहे राजकुमार बोरकर का निधन 25 सितंबर 2026 को हो गया था। पति के निधन के बाद अनीता बोरकर कैंसर का इलाज करा रही हैं। उपचार में आ रही आर्थिक कठिनाइयों को देखते हुए भारतीय जैन संगठना ने सहायता के लिए पहल की।इस सहयोग के लिए महाबोधि बुद्ध विहार समिति ने भारतीय जैन संगठना और गुप्त दानदाता के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवार की मदद करना मानवता, करुणा और सामाजिक सद्भाव का प्रेरणादायी उदाहरण है। इस अवसर पर भारतीय जैन संगठना के अध्यक्ष अजय जैन, महिला संगठन अध्यक्ष श्रुति अभय जैन, सचिव महेंद्र डाकालिया, स्वास्थ्य प्रमुख नवीन जैन, वैभव लूनिया और ऋचा अजय जैन सहित संघटना के सदस्य उपस्थित रहे वहीं महाबोधि बुद्ध विहार समिति के अध्यक्ष उत्तम बागड़े के साथ भोजराज ऊके, कांतिलाल पाटिल, भारत वानखेड़े, बिट्टू मेश्राम और प्रशान्त सहारे भी मौजूद थे। महाबोधि बुद्ध विहार समिति ने अनीता बोरकर के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए इस पुनीत कार्य में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।