KCG

कारगिल विजय दिवस पर बैताल रानी घाटी में सेवाभावियों ने लिया हरियाली का संकल्प

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जिले की प्रसिद्ध बैताल रानी घाटी में पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी अभियान चलाया गया। जय जगन्नाथ सेवा समिति एवं वृक्ष मित्र संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों और पर्यटक परिवारों ने भाग लेकर पौधारोपण एवं प्राकृतिक बीज रोपण के माध्यम से हरित भविष्य का संकल्प लिया। अभियान के दौरान आम, जामुन और नीम जैसे उपयोगी वृक्षों के बीजों का प्राकृतिक रोपण किया गया ताकि वर्षा ऋतु में ये बीज अंकुरित होकर घाटी की हरियाली को समृद्ध कर सकें। वहीं बैताल रानी घाटी की प्राकृतिक सुंदरता को और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से रंग-बिरंगे कागज़ के फूल (बोगनवेलिया) की सैकड़ों कलमों का भी रोपण किया गया। कार्यक्रम की विशेषता पर्यटक परिवारों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण और संवर्धन का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में संकल्प दोहराया कि “एक पौधा लगाएंगे, उसे वृक्ष बनाएंगे और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित विरासत छोड़ जाएंगे।” आयोजकों ने कहा कि बैताल रानी घाटी में चलाया गया यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है बल्कि प्रकृति संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने की सतत पहल है। ऐसे प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन को भी नई पहचान देंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page