
कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान होगा तेज
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शहर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक बुधवार को भारद्वाज भवन में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी नगर पालिका चुनाव की तैयारियों पर व्यापक चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने की रणनीति पर विचार विमर्श किया है। बैठक की अध्यक्षता शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने की। उन्होंने संगठन द्वारा बीते महीनों में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर किए गए प्रयासों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए कहा कि कांग्रेस ने नगर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण, घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों, लालपुर स्टॉप डैम तथा यात्री प्रतीक्षालय जैसे विषयों को लगातार उठाया है। इन मुद्दों को लेकर प्रशासन और शासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर पहल की गई। बैठक में यह भी बताया गया कि शहर के वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार मांग उठाई जाती रही है। लंबे समय से लंबित बायपास निर्माण कार्य को शुरू कराने के लिए संगठन द्वारा किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि अब परियोजना पर काम आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मामलों अस्पतालों में मरीजों को होने वाली परेशानियों और अन्य नागरिक समस्याओं को समय समय पर प्रमुखता से उठाया है। उनका कहना था कि संगठन केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर हुई चर्चा में कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय बनाने वार्ड स्तर पर संपर्क बढ़ाने तथा पार्टी की नीतियों और जनहित के कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि संगठनात्मक मजबूती और जनसरोकारों के मुद्दों के आधार पर कांग्रेस चुनाव में प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराएगी। बैठक के दौरान संगठन में एकजुटता और समन्वय बनाए रखने पर भी बल दिया गया। कार्यकर्ताओं ने जनसेवा और स्थानीय समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया है। बैठक में दीपक देवांगन, सुरेन्द्र शर्मा, किशन रजक, रविंद्र सिंह गहेरवार, यतेंद्रजीत सिंह, भरत चंद्राकर, सूर्यकांत यादव, मोहित भोंडेकर, श्रद्धा अग्रवाल, लता प्रजापति, सबाना खान, गीता यादव, संत निषाद, गिरीश देवांगन, कन्हैया रजक, जीतेंद्र रजक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
