Uncategorized

मानवीय संवेदना की मिसाल बनीं कुलपति, आर्थिक तंगी से जूझ रही छात्रा को मिला पढ़ाई का अवसर

खैरागढ़। राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. लवली शर्मा ने आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रही छात्रा नम्रता परते की समस्या पर संवेदनशीलता दिखाते हुए उसे पढ़ाई जारी रखने का अवसर प्रदान किया। कुलपति की विशेष अनुमति से प्रवेश की निर्धारित तिथि समाप्त होने के बाद भी छात्रा को बीपीए तृतीय वर्ष गायन में दाखिला मिला। साथ ही उसे विलंब शुल्क से भी राहत दी गई। मध्य प्रदेश के मंडला जिले की निवासी नम्रता परते पिता कुंवर सिंह परते विश्वविद्यालय में बीपीए गायन की छात्रा हैं। उन्होंने प्रथम एवं द्वितीय वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है लेकिन परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण समय पर प्रवेश शुल्क जमा नहीं कर पाने से उनका तृतीय वर्ष में प्रवेश अटक गया था। छात्रा ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अपनी परेशानी साझा करते हुए विलंब शुल्क में छूट देने का अनुरोध किया था। छात्रा की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कुलपति प्रो. लवली शर्मा ने विशेष अनुमति प्रदान कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए। नम्रता ने विश्वविद्यालय के गैर शिक्षक कर्मचारी संघ से भी आर्थिक सहयोग की अपील की थी। ऐसे में कुलपति की पहल से उन्हें बड़ी राहत मिली और संगीत की पढ़ाई जारी रखने का रास्ता खुल गया। कुलपति की इस पहल को शिक्षा के साथ मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देने वाले कदम के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page