
विकसित भारत 2047 युवा संसद के तहत युवाओं ने पक्ष-विपक्ष में रखे विचार
छुईखदान। वीरांगना अवंती बाई शासकीय महाविद्यालय छुईखदान के तत्वावधान में 2 नवंबर 2026 को ‘विकसित भारत 2047 युवा संसद’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर सेक्टर स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. जयति बिस्वास ने की। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करती हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत खैरागढ़ के उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित भावेश कोचर, रोशन चंद्राकर, महेश नारकर एवं नवीन चंद्राकर उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। निर्णायकों के निर्णय के अनुसार प्रथम स्थान दुर्गेश्वर जंघेल (पूर्व छात्र), द्वितीय स्थान भूमिका वर्मा एवं तृतीय स्थान पायल वर्मा ने प्राप्त किया। विजेताओं को प्राचार्य एवं प्राध्यापकों द्वारा मेडल एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम अधिकारी विजय कुमार की सराहनीय भूमिका रही। मंच संचालन प्रेमप्रताप नेताम एवं पलटू राम साहू ने किया। अंत में विकसित भारत प्रतिनिधि टीकम जंघेल ने आभार व्यक्त किया।प्रतियोगिता ‘मेरा युवा भारत’ के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।


