KCG

एकता वृक्ष अभियान के साथ जिले में थाना दिवस का हुआ आयोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में एकता वृक्ष अभियान की थीम पर गुरुवार को जिले के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में थाना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनसंवाद वृक्षारोपण और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद को मजबूत करने का प्रयास किया गया है। जिला मुख्यालय गंडई में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें और सुझाव सुना वहीं उन्होंने अधिकारियों पुलिसकर्मियों तथा नागरिकों के साथ थाना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है। जिले के विभिन्न थानों में वरिष्ठ अधिकारियों ने भी थाना दिवस में भाग लेकर लोगों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार गौतम ने ठेलकाडीह और जालबांधा, डीएसपी रमेश चंद्रा ने मोहगांव डीएसपी प्रदीप ऐरेवार ने गातापार डीएसपी ममता अली शर्मा ने बकरकट्टा और साल्हेवारा एसडीओपी आशारानी ने खैरागढ़ तथा एसडीओपी मानक राम कश्यप ने छुईखदान थाना क्षेत्र में जनसुनवाई की।

कार्यक्रम में नागरिकों को नए आपराधिक कानूनों साइबर अपराधों से बचाव महिला एवं बाल सुरक्षा यातायात नियमों और डायल-112 सेवा की जानकारी दी गई। साइबर ठगी की स्थिति में हेल्पलाइन 1930 साइबर क्राइम पोर्टल तथा “चक्षु” पोर्टल के उपयोग के बारे में भी विस्तार से बताया गया है।जनप्रतिनिधियों ग्राम प्रमुखों कोटवारों पत्रकारों बैंक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लिया है। इस दौरान अवैध शराब बिक्री नशाखोरी सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन गांजा तस्करी नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन स्कूल-कॉलेजों के आसपास धूम्रपान तथा आवारा मवेशियों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए साथ ही प्रत्येक थाना क्षेत्र में साइबर सुरक्षा और यातायात जागरूकता अभियान लगातार चलाने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा ने कहा कि जिले में नशाखोरी शराबखोरी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। थाना दिवस का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास संवाद और सहभागिता को मजबूत करना है। यह कार्यक्रम प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय गुरुवार को जिले के सभी थाना एवं चौकियों में आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page