
हैंडहेल्ड एक्स-रे से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में संभावित मरीजों की हो रही त्वरित पहचान
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिला केसीजी में टीबी की सक्रिय पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील एवं उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों की निःशुल्क जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से लैस हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन का उपयोग कर मौके पर ही टीबी की स्क्रीनिंग की जा रही है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल एवं सीएमएचओ डॉ. आशीष शर्मा के मार्गदर्शन तथा जिला क्षय अधिकारी डॉ. ऋतुराज सिंह के नेतृत्व में जिले के विभिन्न विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान टीबी के संभावित मरीजों की पहचान कर आवश्यक जांच एवं उपचार से जोड़ा जा रहा है। खासतौर पर ऐसे क्षेत्रों और समुदायों में स्क्रीनिंग पर जोर दिया जा रहा है जहां टीबी संक्रमण का जोखिम अधिक है। AI-सक्षम हैंडहेल्ड एक्स-रे तकनीक से दूरस्थ क्षेत्रों में जांच प्रक्रिया आसान और तेज हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय से खांसी बुखार वजन कम होना या रात में पसीना आने जैसे लक्षण होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जांच कराएं। समय पर पहचान और पूरा उपचार लेने से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।

