
खैरागढ़ सहित ग्रामीण अंचलों में शारदेय नवरात्रि की तैयारियां पूरी
मंदिरों में प्रज्वलित होंगे मनोकामना ज्योति कलश
खैरागढ़। संगीत नगरी खैरागढ़ सहित जिले के ग्रामीण अंचलों में शारदेय नवरात्रि को लेकर श्रद्धा और भक्ति का माहौल बनने लगा है। रविवार 11 अक्टूबर से प्रारंभ हो रहे नौ दिवसीय नवरात्रि पर्व के स्वागत के लिए नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के देवी मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है वहीं मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलन की तैयारियों को भी अंतिम रूप दे दिया गया है। नवरात्रि के नौ दिनों तक देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और माता सेवा के साथ पूरा अंचल भक्तिरस में डूबा रहेगा।
खैरागढ़ नगर सहित जिले के प्रमुख देवी मंदिरों में प्रज्वलित होंगे ज्योति कलश
खैरागढ़ के ऐतिहासिक मां दंतेश्वरी मंदिर सहित शीतला माता मंदिर, महामाया मैय्या मंदिर, बरेठपारा स्थित मां संतोषी मंदिर, दाऊचौरा स्थित शीतला माता मंदिर, बम्लेश्वरी माता मंदिर और धरमपुरा स्थित श्री शनिधाम में श्रद्धालु मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित करेंगे। नवरात्रि के दौरान इन मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की आवाजाही बढ़ेगी। श्रद्धालु मां आदिशक्ति की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करेंगे।
ग्रामीण अंचलों में भी भक्तिभाव की भव्य तैयारी
नगर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी नवरात्रि को लेकर उत्साह है। मुतेड़ा नवांगांव स्थित प्रसिद्ध चंडी मंदिर (चेन्द्री माता), ग्राम करेला के मां करेला भवानी मंदिर, जालबांधा के हिंगलाज देवी एवं गायत्री मंदिर तथा बाजार अतरिया के नथेला मंदिर और दुर्गा मंदिर में ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाएंगे। इसी तरह वनांचल ग्राम चंगुर्दा के कुकरापाठ मंदिर, लक्षणा के प्रधानपाठ मंदिर, मुढ़ीपार और डोंकराभाठा के दुर्गा मंदिर, पेंड्री के बंजारी मंदिर तथा सर्रागोंदी मार्ग स्थित सतीदाई मंदिर में भी नवरात्रि की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इन मंदिरों में नौ दिनों तक पूजा-पाठ और देवी आराधना का सिलसिला चलेगा।
नौ स्वरूपों की.आराधना, घर-घर होगी कलश स्थापना
सनातन परंपरा में शारदेय नवरात्रि को शक्ति उपासना का प्रमुख पर्व माना जाता है। आश्विन मास में मनाए जाने वाले इस पर्व में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा की जाती है। श्रद्धालु घरों और मंदिरों में कलश स्थापना कर पूजा-अर्चना प्रारंभ करेंगे वहीं मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित कर भक्त अपनी आस्था अर्पित करेंगे। नवरात्रि के दौरान भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान और माता सेवा के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण निर्मित होगा।
जयकारों और माता सेवा से भक्तिमय होगा खैरागढ़ अंचल
नवरात्रि के अवसर पर देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही के साथ नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक गतिविधियां तेज होंगी। मंदिरों में जगमगाते ज्योति कलश, गूंजते देवी गीत और मां दुर्गा के जयकारे पर्व की रौनक बढ़ाएंगे। नौ दिनों तक चलने वाली शक्ति उपासना के दौरान श्रद्धालु मां दुर्गा से सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना करेंगे। आस्था, परंपरा और भक्ति का यह पर्व खैरागढ़ अंचल को देवीमय वातावरण से सराबोर करेगा।