KCG

आज छुईखदान में संत समागम, 40 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

छुईखदान। शहीद नगरी छुईखदान के केकतीबाड़ी मैदान में 7 अक्टूबर को पंथ श्री हुजूर उदित मुनिनाम साहेब के संत समागम का आयोजन होगा। आयोजन में 35 से 40 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसे लेकर कबीरपंथी समाज एवं एसकेडीवी मिशन के जिला, तहसील व ग्रामीण प्रतिनिधियों द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंच, संत आवास, भोजन, पेयजल, विद्युत, पार्किंग, यातायात और वालंटियर व्यवस्था के लिए अलग-अलग समितियां गठित की गई हैं। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के अलावा राजनांदगांव, कवर्धा, बेमेतरा, दुर्ग सहित आसपास के क्षेत्रों तथा अन्य राज्यों से भी अनुयायियों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन समिति के अनुसार पंथश्री हुजूर उदित मुनिनाम साहेब धमधा से जोरातराई, बाजार अतरिया होते हुए खैरागढ़ और फिर छुईखदान पहुंचेंगे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया जाएगा। छुईखदान पहुंचने पर बाइक रैली के साथ स्वागत की तैयारी है। साहेब के दोपहर करीब 12 बजे छुईखदान पहुंचने की जानकारी दी गई है। इसके साथ ही शोभायात्रा और सात्विक चौका आरती सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर लगातार बैठकें की जा रही हैं। समिति ने बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया है। प्रेसवार्ता में एसकेडीवी मिशन के राष्ट्रीय प्रतिनिधि सीडी वर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य प्रतिनिधि महंत आरती दास, जिला प्रतिनिधि देवकरण दास वर्मा और घम्मन साहू उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page