KCG

आईजी अजय कुमार यादव ने केसीजी पुलिसिंग की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव ने बुधवार को जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक लेकर जिले में कानून-व्यवस्था अपराध नियंत्रण लंबित प्रकरणों और पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन को त्वरित एवं संवेदनशील पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आईजी यादव ने लंबित अपराध मर्ग एवं अन्य प्रकरणों के शीघ्र निराकरण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण में विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखते हुए साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन किया जाए तथा आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित हो। न्यायालयीन प्रकरणों में भी बेहतर समन्वय और प्रभावी पैरवी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिले की कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा करते हुए थाना स्तर पर पुलिसिंग को मजबूत करने शिकायतों का संवेदनशीलता और तत्परता से निराकरण करने तथा क्षेत्र में नियमित गश्त एवं निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत करने की अपेक्षा जताई।

भ्रमण के दौरान आईजी अजय कुमार यादव ने घाघरा कैम्प का निरीक्षण किया। उन्होंने कैम्प की सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध संसाधनों जवानों की व्यवस्थाओं एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जवानों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

जिला भ्रमण के दौरान आईजी अजय कुमार यादव ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पुलिस परिसरों को हराभरा बनाए रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page